Indo-Nepal Lions Service Drive in Lucknow
Indo-Nepal Lions Service Drive in Lucknow
हजरतगंज की सड़कों पर सेवा और जागरूकता का अनूठा संगम
लखनऊ के दिल कहे जाने वाले हजरतगंज की सड़कों पर 8 मार्च 2026( महिला दिवस) की सुबह एक अलग ही दृश्य देखने को मिला। सामान्यतः शांत और सुस्त मानी जाने वाली इस सुबह में राह चलते लोगों को उस समय सुखद आश्चर्य हुआ जब भारत और नेपाल के लायन सदस्यों की संयुक्त टीम समाज सेवा और जनजागरूकता का संदेश देती दिखाई दी। यह पूरा आयोजन लायंस क्लब्स इंटरनेशनल के अंतरराष्ट्रीय क्लब ट्विनिंग प्रोग्राम के अंतर्गत किया गया था, जिसमें लायंस क्लब धनगढ़ी ग्रीन सिटी, डिस्ट्रिक्ट 325-N (नेपाल) और लायंस क्लब लखनऊ शान-ए-अवध डायमंड, डिस्ट्रिक्ट 321B1 (भारत) ने मिलकर यह सेवा गतिविधियाँ संचालित कीं।
8 March की प्रातः हजरतगंज में जनसेवा और जागरूकता का एक अभियान चलाया गया । शान-ए-अवध डायमंड की पूरी टीम सेवा गतिविधियों के लिए तैयार हो गई।
सुबह लायन सदस्यों ने राहगीरों और वाहन चालकों के बीच कई महत्वपूर्ण सामाजिक संदेशों को प्रसारित किया। सबसे पहले “Give Way to Ambulance” यानी एम्बुलेंस को रास्ता देने के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। लगभग 100 से अधिक वाहन चालकों को इसके लिए प्रेरित किया गया और उनके वाहनों पर विशेष स्टिकर भी लगाए गए, ताकि आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस को तुरंत रास्ता मिल सके।
इसके साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। दोनों क्लबों ने मिलकर लगभग 100 पौधों का वितरण राहगीरों के बीच किया और उनसे आग्रह किया कि वे पर्यावरण को बचाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाएँ और उनका संरक्षण करें। इसी क्रम में “Say No to Plastic” अभियान के अंतर्गत लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया और प्लास्टिक का उपयोग कम करने की अपील की गई।
जनता की प्रतिक्रिया अत्यंत उत्साहजनक रही। राह चलते लोगों ने इस पहल की सराहना की और कई लोगों ने स्वयं आगे बढ़कर पौधे लेने और अभियान में रुचि दिखाई। नेपाल से आए लायन सदस्यों के लिए यह अनुभव विशेष रूप से नया और प्रेरणादायक था। वे इस सेवा अभियान में पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए और उन्होंने संकल्प लिया कि अपने देश नेपाल में भी इसी प्रकार के जनजागरूकता अभियान चलाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को लखनऊ की पारंपरिक मिठाई गुझिया का स्वाद कराया गया। इस मधुर आतिथ्य के साथ वे अपने देश के लिए रवाना हुए, मन में नई मित्रता, सेवा की भावना और भविष्य में इस सहयोग को और आगे बढ़ाने का दृढ़ संकल्प लेकर।
इस सेवा गतिविधि का नेतृत्व क्लब अध्यक्ष लायन ज्ञानेंद्र प्रताप और लायन नवीन झिंगरन ने किया। उनके साथ लायन संदीप निगम, लायन संदीप शंकर, लायन राज कुमार, लायन सुनील कुमार सोनकर और लायन मनीष श्रीवास्तव सहित दोनों क्लबों के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया।
लायंस क्लब्स इंटरनेशनल की सेवा भावना को सशक्त बनाने में LCIF (Lions Clubs International Foundation) की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। LCIF विश्वभर में मानवीय सहायता, आपदा राहत, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं और सामुदायिक विकास के लिए संसाधन उपलब्ध कराता है। ऐसे कार्यक्रम उसी वैश्विक सेवा दृष्टि का एक छोटा किंतु सार्थक उदाहरण हैं, जो यह संदेश देते हैं कि सीमाएँ भले ही देशों को अलग करें, लेकिन सेवा और मानवता की भावना हमें एक सूत्र में बाँधती है।





Copiar link
Regresar a la página principal